बहन पर गंदी नीयत रखने से गुस्साए एक युवक ने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। उस पर चाकू से ताबड़तोड़ 7 बार वार किए गए। वारदात आंबेडकर नगर इलाके में शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर के अंदर हुई। हमला करने के बाद फरार आरोपी ने खुद थाने पहुंच सरेंडर कर दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी का नाम जय गुप्ता उर्फ कालू (19) है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि दोस्त की दगाबाजी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। वह शुक्रवार से ही हत्या करने की कोशिश में लगा था।
साउथ डिस्ट्रिक के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक साहिल (19) दक्षिणपुरी क्षेत्र का रहने वाला था। वह और आरोपी दोनों बचपन के दोस्त हैं। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। 17 जनवरी की रात साहिल, जय के घर पर सोया था। तड़के करीब तीन बजे आधी रात को साहिल मौका देख घर के ऊपरी तल पर सो रही दोस्त की बहन के कमरे में चला गया। उसने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। तभी युवती की आंख खुल गई और शोर मचा दिया। साहिल की मौके पर ही पिटाई कर दी गई। युवती साहिल को भाई बोलती थी। बहन पर बुरी नजर रखने से जय ने दोस्त को मारने की ठान ली।
शुक्रवार को जय ने दिनभर साहिल की तलाश की। उसके घर भी गया लेकिन वह नहीं मिला। जय शनिवार सुबह फिर साहिल के घर गया। वह सो रहा था। जय ने बात करने के बहाने उसे नींद से उठाया। इसके बाद उस पर चाकू से वार करने शुरू कर दिए। चीख-पुकार मचने पर साहिल के चाचा ने जय को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग गया। साहिल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के कुछ घंटे बाद ही आरोपी खुद आंबेडकर नगर थाने पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल लिया। वह पिता के साथ फूल की दुकान पर काम करता था।